सोलन: हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनावों का बिगुल बज चुका है। इसी कड़ी में चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए रविवार को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो ग्राउंड से पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है।

प्रदेश में इस बार पंचायतीराज चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत आगामी 26, 28 और 30 मई को वोट डाले जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और रविवार सुबह से ही ठोडो ग्राउंड में चुनावी अमले की हलचल शुरू हो गई थी।

मामले की जानकारी देते हुए बीडीओ सोलन मंजुला कंवर ने बताया कि स्थानीय स्तर पर चुनाव से जुड़ी सभी जरूरी तैयारियां और सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। पोलिंग स्टाफ को चुनावी सामग्री सौंपकर पूरी सुरक्षा के साथ रवाना किया गया है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मत का प्रयोग कर सकें।