सोलन कॉलेज में धूमधाम से संपन्न हुआ पर्यटन सप्ताह

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के बी.वॉक विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पर्यटन सप्ताह समारोह का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ शानदार समापन हुआ। इस समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि सोलन के होटल नमस्तस्यै के प्रबंध निदेशक चेतन शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यटन की विविधता, सांस्कृतिक महत्ता और इसके सामाजिक-आर्थिक पहलुओं को बहुत ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।

प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने पर्यटन सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभागिता की सराहना करते हुए बी.वॉक विभाग की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्यटन हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है तथा विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

बी.वॉक विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि पर्यटन सप्ताह के अंतर्गत तीन दिनों तक विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 100 मीटर महिला दौड़ में अनन्या ने प्रथम, दिया एवं सृष्टि ने द्वितीय तथा आनुवंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में 100 मीटर दौड़ में रमेश प्रथम, हर्षल द्वितीय तथा यज्ञ एवं तथ्या तृतीय रहे।

महिला कबड्डी में टीम शूलिनी विजेता तथा टीम दिया उपविजेता रही। पुरुष कबड्डी में सिरमौर रॉकर्स विजेता तथा USA Boys उपविजेता रहे। पुरुष वॉलीबॉल में रितिक की टीम विजेता और हर्षल की टीम उपविजेता रही। महिला रस्साकशी में टीम पायल तथा पुरुष रस्साकशी में टीम रमेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बैडमिंटन महिला एकल में दीपिका विजेता, काजल उपविजेता तथा काया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला युगल में दीपिका एवं मनीषा की जोड़ी विजेता तथा नेहा एवं गुंजन की जोड़ी उपविजेता रही। पुरुष एकल में आर्यन विजेता तथा अभिषेक उपविजेता रहे, जबकि पुरुष युगल में साहिल की जोड़ी विजेता तथा अभिषेक एवं विनीत की जोड़ी उपविजेता रही।

सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में मॉडलिंग में प्रियंका प्रथम, मोनिका द्वितीय और दीपांशी तृतीय रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता तथा Best Out of Waste में महक सैफी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। फूड फेस्ट में भी महक प्रथम रहीं। सोलो डांस में मोनिका विजेता रहीं, जबकि हनी एवं इशिता की जोड़ी ने भी प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सेवा प्रदाता संस्था मेधावी फाउंडेशन के स्टेट कोऑर्डिनेटर नितिन मेहता, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दीपक गुप्ता, डॉ. बी.एन. कमल, डॉ. अनिल ठाकुर सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।