सोलन कॉलेज में विद्यार्थियों को सिखाए लैब सुरक्षा नियम और बताए करियर विकल्प

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, शोध और उद्यमिता के अवसरों से परिचित करवाने के उद्देश्य से दो विशेष व्याख्यानों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभाग के लगभग 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर डॉ. नीना ने मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा का स्वागत किया तथा आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

प्रथम तकनीकी सत्र में डॉ. रमेश कश्यप ने रसायन प्रयोगशाला में सुरक्षा: स्नातक रसायन विज्ञान विद्यार्थियों के लिए नियम, प्रोटोकॉल एवं सर्वोत्तम अभ्यास विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने वास्तविक प्रयोगशाला दुर्घटनाओं के केस-स्टडीज के माध्यम से व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (PPE) के उपयोग, रसायनों के सुरक्षित रख-रखाव, फ्यूम हुड के प्रयोग, एसिड डाइल्यूशन के सही नियमों और अपशिष्ट निस्तारण की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। उन्होंने बल देकर कहा कि प्रयोगात्मक कार्य में कड़ा अनुशासन और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन ही हादसों से बचाव का मुख्य आधार है।

दूसरे सत्र में डॉ. जितेन्द्र ठाकुर ने ‘रसायन विज्ञान में करियर की संभावनाएं’ विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने अकादमिक, शोध संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों और सरकारी क्षेत्र में उपलब्ध विकल्पों के साथ-साथ स्टार्टअप्स व उद्यमिता पर विशेष बल देते हुए विद्यार्थियों से रोजगार खोजने वाले के बजाय रोजगार सृजक बनने का आह्वान किया।

प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कक्षा-कक्ष की शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और भविष्य की संभावनाओं से जुड़ना विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत अनिवार्य है। अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश कुमार ने प्राचार्या व दोनों वक्ताओं का आभार व्यक्त किया और अपने प्रेरक अनुभवों के जरिए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और नए कौशल विकसित करने का संदेश दिया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।