सोलन कॉलेज में उत्साह के साथ शुरू हुआ पर्यटन सप्ताह

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में विश्व पर्यटन दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय पर्यटन सप्ताह समारोह का शुभारंभ आज बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ हुआ। महाविद्यालय के बी.वॉक विभाग द्वारा 24 से 26 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे इस विशेष समारोह का औपचारिक उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने विश्व पर्यटन दिवस के कार्यक्रमों में खेलकूद प्रतियोगिताओं को शामिल किए जाने की एक बेहतरीन पहल के रूप में सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यटन सप्ताह की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यटन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पर्यटन न केवल किसी क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुँचाता है, बल्कि यह रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करता है।

पर्यटन सप्ताह के पहले दिन विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रोमांचक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, 100 मीटर दौड़, कबड्डी और रस्साकशी प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने इन सभी प्रतियोगिताओं में पूरे जोश, उत्साह और सच्ची खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। विभिन्न खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास, उच्च शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

25 सितंबर को मेहंदी प्रतियोगिता, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता, पारंपरिक नाटी प्रतियोगिता तथा फूड फेस्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ-साथ हिमाचली संस्कृति, परंपराओं और खान-पान को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

26 सितंबर के दिन संस्कृति पर आधारित मॉडलिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों के लिए भव्य पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित होगा।

बी.वॉक विभाग के नोडल ऑफिसर डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि इस पर्यटन सप्ताह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन की महत्ता से परिचित कराना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा, सांस्कृतिक जागरूकता व टीम भावना को प्रोत्साहित करना है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।