सोलन: जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14.35 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर धर्मपुर क्षेत्र में एक टैक्सी की चेकिंग के दौरान की।

पुलिस के अनुसार, एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि धर्मपुर इलाके में एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी में सवार युवक के पास नशीला पदार्थ है। इस पर टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए टैक्सी की तलाशी ली और उसमें बैठे युवक के कब्जे से 14.35 ग्राम चिट्टा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संचित ठाकुर (30) पुत्र बलबीर सिंह निवासी गांव व डाकघर गलानग, तहसील व जिला सोलन के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस टैक्सी को सोलन से चंडीगढ़ जाने और वापस सोलन आने के लिए किराए पर लिया था। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही मामले की जांच के तहत उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।