सोलन में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की तैयारी पूरी, 86 पंचायतों में कल वोटिंग

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण के लिए सोलन जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि 28 मई 2026 को होने वाले दूसरे चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोकतंत्र के इस उत्सव में जिले के 1.19 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।सुबह 7 बजे से शुरू होगा मतदान, 524 पोलिंग बूथ तैयारउपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जानकारी दी कि मतदान का समय सुबह 07:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक तय किया गया है।

दूसरे चरण के तहत सोलन जिले की कुल 86 ग्राम पंचायतों में वोट डाले जाएंगे, जिसके लिए प्रशासन ने 524 मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) स्थापित किए हैं।जिले के कुल 1,19,744 मतदाताओं में 61,019 पुरुष और 58,725 महिला मतदाता शामिल हैं, जो उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

चुनाव प्रक्रिया को लेकर सबसे महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद यानी 28 मई को ही वोटों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। वार्ड सदस्य, उप प्रधान और प्रधान पद के नतीजे गिनती पूरी होते ही कल ही घोषित कर दिए जाएंगे।मनमोहन शर्मा ने सोलन जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे भारी संख्या में घरों से बाहर निकलकर अपने मत का प्रयोग जरूर करें, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।