सोलन: हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे पारे और भीषण गर्मी के दृष्टिगत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन ने आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परामर्श जारी किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक ने लोगों से अपील की है कि वे इस मौसम में स्वस्थ रहने के लिए एहतियाती उपाय अपनाएं और लापरवाही न बरतें।

सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण लोग दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और ज्यादा शारीरिक श्रम वाले कार्यों से परहेज करें। यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना भी पड़े, तो निम्नलिखित बातों का विशेष ध्यान रखें। हमेशा हल्के रंग के सूती एवं पूरी बाजू के कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय सिर को टोपी, डंडे या कपड़े से अच्छी तरह ढक कर रखें।
बाहर जाते समय अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें और प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। डॉ. पाठक ने बताया कि अक्सर लोग गर्मी से राहत पाने के लिए कॉफी, चाय या कार्बोनेटेड कोल्ड ड्रिंक्स का अत्यधिक सेवन करते हैं, जो शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं। इनके स्थान पर शरीर में पानी की कमी (Dehydration) को रोकने के लिए नींबू पानी और ताजे फलों का रस, नमक-चीनी का घोल या लस्सी, नारियल पानी और ओ.आर.एस. (ORS) का सेवन करें।
यदि कोई व्यक्ति लू की चपेट में आ जाता है, तो तुरंत ये प्राथमिक उपचार अपनाएं। पीड़ित व्यक्ति को अविलंब किसी छायादार और ठंडी जगह पर ले जाएं। उन्हें तुरंत ओ.आर.एस. या नमक-चीनी-पानी का घोल पीने को दें। उनके शरीर के तापमान को कम करने के लिए ठंडे पानी की पट्टियां या शरीर को गीले कपड़े से पोंछें। स्थिति में सुधार न होने पर बिना समय गंवाए मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाएं।
बढ़ती गर्मी के प्रकोप को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों (BMOs) को विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए जीवन रक्षक दवाएं, ओआरएस और अन्य आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। स्वास्थ्य स्टाफ को पूरी तरह सतर्क और तत्पर रहने को कहा गया है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।