सोलन में मुख्यमंत्री का रोड शो: गंज बाजार में उमड़ा जनसैलाब

सोलन: नगर निगम चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन सोलन शहर पूरी तरह कांग्रेस के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आयोजित रोड शो के दौरान स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। सोलन पहुँचने पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी सहित स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।

गंज बाजार में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्तमान में पाँच अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है, जहाँ नेता एक-दूसरे की जड़ें काटने में लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अभी भी दोबारा सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं, लेकिन भाजपा की आंतरिक कलह और बिंदल के साथ उनके मतभेद इस सपने को कभी पूरा नहीं होने देंगे।

मुख्यमंत्री ने सोलन की जनता को विश्वास दिलाया कि बघाट बैंक में फंसे लोगों के पैसे को डूबने नहीं दिया जाएगा और सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने शहर के आधुनिकीकरण की घोषणा करते हुए कहा कि चुनावों के बाद शहरों में बिजली और संचार की तारों को अंडरग्राउंड करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह का जनसमर्थन रोड शो में दिखा है, उससे स्पष्ट है कि जनता पुनः कांग्रेस प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य मत देकर विजयी बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने सोलन नगर निगम के सभी 17 वार्डों से कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने मंच से प्रत्येक प्रत्याशी का उल्लेख करते हुए जनता से उन्हें आशीर्वाद देने का आग्रह किया। सोलन नगर निगम में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों में वार्ड नंबर 01 से अर्चना ठाकुर, वार्ड नंबर 02 से सुनील कुमार साहनी, वार्ड नंबर 03 से सरदार सिंह ठाकुर, वार्ड नंबर 04 से संगीता ठाकुर, वार्ड नंबर 05 से गीतांजलि शर्मा, वार्ड नंबर 06 से सत्या वर्मा, वार्ड नंबर 07 से पूजा तंवर, वार्ड नंबर 08 से पूनम ग्रोवर, वार्ड नंबर 09 से मीनाक्षी शर्मा, वार्ड नंबर 10 से अंकुश सूद, वार्ड नंबर 11 से हेमा शर्मा, वार्ड नंबर 12 से ईश्वर, वार्ड नंबर 13 से नरेन्द्र कुमार, वार्ड नंबर 14 से सुलक्षणा , वार्ड नंबर 15 से विनय भगनाल , वार्ड नंबर 16 से अनिता कुमारी, वार्ड नंबर 17 से अरुणा ठाकुर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सभी वार्डों से उठ रही जनता की आवाज इस बात का साफ संकेत है कि सोलन में एक बार फिर कांग्रेस की स्थानीय सरकार बनने जा रही है।

Photo of author

संजीव अवस्थी

समाचार रिपोर्टिंग में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश के कुछ सबसे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्रों में व्यापक योगदान दिया है। पिछले कई वर्षों से, विभिन्न ऑनलाइन समाचार प्लेटफार्मों के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और बदलते डिजिटल मीडिया परिदृश्य के साथ तालमेल बिठाते रहे हैं।