सोलन: राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने आज सोलन में अग्रवाल सभा द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के विचार और महान आदर्श आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज से उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए आर्थिक समृद्धि को समाज सेवा, करुणा और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना से जोड़ने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति केवल उसकी आर्थिक समृद्धि में निहित नहीं होती, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता, पारस्परिक सहयोग और जनकल्याण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता में परिलक्षित होती है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के प्रसिद्ध ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत पर विशेष बल देते हुए कहा कि यह सामूहिक सहयोग की एक अनुपम भावना का प्रतीक है, जहाँ प्रत्येक व्यक्ति अपनी सामर्थ्य अनुसार दूसरों की सहायता करता है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा में सहयोग, गरीबों के इलाज में मदद, युवाओं के लिए कौशल विकास व रोजगार के अवसर और वंचित परिवारों की सहायता इसी सिद्धांत के जीवंत उदाहरण हैं।
राज्यपाल ने अग्रवाल सभा सोलन द्वारा पिछले लगभग 80 वर्षों से शिक्षा, समाज कल्याण, धार्मिक गतिविधियों एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में दिए जा रहे निरंतर योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए समाज से उन्हें आत्मनिर्भर व जिम्मेदार नागरिक बनाने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने वाला बनने के बजाय रोजगार सृजित करने वाला बनने तथा उद्यमिता व नवाचार को अपनाने की अपील की। इस दौरान राज्यपाल ने सभी से तीन मुख्य संकल्प’समृद्धि के साथ सेवा, सफलता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, और सामुदायिक पहचान के साथ सामाजिक सद्भाव’ लेने का आह्वान किया।
समारोह से पूर्व राज्यपाल ने सोलन बाजार में स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित भी किया। समारोह में पूर्व मंत्री डॉ. राजीव बिंदल ने राज्यपाल का स्वागत किया, जबकि अग्रवाल सभा सोलन के अध्यक्ष दिनेश गर्ग ने उन्हें सम्मानित कर संस्था की सामाजिक गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। सभा के उपाध्यक्ष सतीश बंसल ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा। इस गरिमामयी अवसर पर सोलन के पुलिस अधीक्षक टी. साई दत्तात्रेय वर्मा, अग्रवाल सभा के पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।