सोलन: जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6.19 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर सुबाथु रोड स्थित एक मकान में दबिश देकर की।

पुलिस के अनुसार, एसआईयू की टीम को सुबाथु रोड पर एक मकान के कमरे में नशीला पदार्थ होने की सूचना मिली थी। इस पर टीम ने मौके पर छापेमारी कर कमरे में रह रहे चार युवकों के कब्जे से 6.19 ग्राम चिट्टा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण (19) पुत्र दान सिंह निवासी डूगा मोड़, सुबाथु रोड सोलन, अमन परिहार (25) पुत्र रणजीत परिहार निवासी गांव जाबल जमरोट डाकखाना कोटी तहसील व जिला सोलन, अंशुल गुरंग (27) पुत्र विनोद गुरंग निवासी गांव लाडेरा डाकखाना बकलोह, तहसील भटियात जिला चंबा और विशाल (21) पुत्र भीम बहादुर निवासी उदय विहार कॉलोनी, डाकखाना सपरून सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। चारों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले में आगामी तफ्तीश कर रही है।