सोलन: विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के जिला स्तरीय राउंड में पनव वालिया प्रथम

Photo of author

By Hills Post

सोलन: मेरा युवा भारत, सोलन तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मंगलवार को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रेजेंटेशन राउंड का आयोजन किया गया। उपायुक्त कार्यालय सोलन के एडीसी हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंघल (आईएएस) ने की।

विकसित भारत 2047 पर 20 युवाओं ने पेश किया रोडमैप

इस प्रतियोगिता के लिए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने पहले माय भारत पोर्टल पर आयोजित क्विज और निबंध राउंड में हिस्सा लिया था। इन चरणों से चयनित लगभग 20 युवाओं ने जिला स्तरीय पीपीटी राउंड में ‘विकसित भारत 2047’ के विजन पर अपने अभिनव विचार, सुझाव और भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्त समाज और सोलन के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

जिला स्तरीय राउंड में बतौर पैनलिस्ट जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोलन पद्मा चडौन, डाइट सोलन की प्रिंसिपल ममता गुप्ता, प्रसिद्ध लेखक एवं समाजसेवी मदन हिमाचली और राजकीय महाविद्यालय सोलन की सहायक प्रोफेसर त्रिवेणी शर्मा उपस्थित रहे, जिन्होंने युवाओं की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

ये छह प्रतिभागी राज्य स्तरीय चरण के लिए चयनित

पैनल द्वारा किए गए मूल्यांकन के बाद राज्य स्तरीय चरण के लिए छह युवाओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में पनव वालिया ने प्रथम, दिव्यांशी शर्मा ने द्वितीय और पूर्वा ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त भानु शर्मा, मृणाली सिंह पठानिया और दिव्यांशी ढुल्ली का भी अगले चरण के लिए चयन किया गया है।

विचारों को धरातल पर उतारने का आह्वान

मुख्य अतिथि दिव्यांशु सिंघल ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सोलन के युवाओं ने जिस परिपक्वता और दूरदर्शिता के साथ अपने विचार रखे हैं, वह विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल विचारों तक ही सीमित न रहें, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएं।

गौरतलब है कि माय भारत पोर्टल पर आयोजित होने वाले सभी युवा कार्यक्रमों का संचालन और समन्वय जिला युवा अधिकारी भूपिंदर सिंह गिल की देखरेख में किया जाता है और उनके मार्गदर्शन में इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed