हिमाचल प्रदेश में भैया दूज पर पुरुष कर्मचारियों को भी छुट्टी, पुरानी व्यवस्था में हुआ बदलाव

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश में भैया दूज के पावन अवसर पर सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब इस त्योहार पर केवल महिला कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि पुरुष कर्मचारियों को भी छुट्टी मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को यह अहम फैसला लिया।

इस निर्णय के बाद राज्य सरकार ने 11 नवंबर 2026 बुधवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करते हुए इसकी आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है। मुख्यमंत्री के इस फैसले से प्रदेश के सरकारी विभागों में काम करने वाले महिला और पुरुष दोनों कर्मचारी अब भैया दूज का त्योहार अपने परिवार के साथ उल्लासपूर्वक मना सकेंगे।

सरकारी कार्यालयों से लेकर स्कूल-कॉलेज तक रहेंगे बंद

भैया दूज पर सभी सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी देने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेजा गया था, जिस पर उन्होंने मंगलवार दोपहर बाद अपनी मुहर लगा दी। सरकार के आदेश के अनुसार, 11 नवंबर को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, बोर्ड और निगम पूरी तरह बंद रहेंगे।

पुरानी व्यवस्था में सरकार का बड़ा बदलाव

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में पहले रक्षा बंधन, करवाचौथ और भैया दूज जैसे त्योहारों पर केवल महिला कर्मचारियों को ही अवकाश दिया जाता था। हालांकि, मुख्यमंत्री सुक्खू ने इससे पहले रक्षा बंधन और करवाचौथ पर भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए पुरुष कर्मचारियों को छुट्टी देने का ऐलान किया था। अब इसी कड़ी में भैया दूज पर भी पुरुष कर्मचारियों को अवकाश देने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।