नाहन: सिरमौर जिला स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में प्रथम सिरमौर जिला स्विमिंग चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता की अध्यक्षता सिरमौर जिला स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज शर्मा तथा जिला महासचिव राजबीर सिंह ने की। कार्यक्रम में जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के राज्य महासचिव इशान अख्तर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
हिमाचली परंपरा का निर्वहन करते हुए संघ के अध्यक्ष पंकज शर्मा, महासचिव राजवीर सिंह और आयोजन सचिव एडवोकेट गुलशन अंसारी ने मुख्य अतिथि रमा शर्मा को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रमा शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर आगे बढ़ना चाहिए ताकि वे सरकारी रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक सफल खिलाड़ी बनने के लिए केवल खेल कौशल ही नहीं, बल्कि सही मानसिकता और नेतृत्व के गुण भी बेहद आवश्यक हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 6 विभिन्न वर्ग (ग्रुप कैटेगरीज) शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिता के दौरान 25 मीटर, 50 मीटर और 100 मीटर की फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक और ब्रेस्ट स्ट्रोक स्पर्धाओं में जिले के अलग-अलग ब्लॉकों से आए 65 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर प्रतियोगिता को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए दीक्षा शर्मा, उपासना वर्मा, गुंजन, मोहित और नर्वदा शर्मा बतौर टेक्निकल ऑफिशियल मौजूद रहे।