सोलन : पुलिस जिला बद्दी में अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ बद्दी पुलिस ने अपना शिकंजा कस लिया है। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध खनन में संलिप्त वाहनों और लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
पहला मामला पुलिस चौकी जोगों के अंतर्गत सामने आया, जहाँ पुलिस टीम देर रात गश्त पर थी। गश्त के दौरान पुलिस को रामपुर खड्ड में अवैध रूप से खनन किए जाने की सूचना मिली। मौके पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक जेसीबी (HP-07C-2096) और एक टिप्पर (PB12Q-1701) को रंगे हाथों धर दबोचा। जाँच करने पर पाया गया कि अवैध खनन में शामिल ये दोनों वाहन राजेंदर (निवासी रामपुर गुजरा, डाकघर कालीबाड़ी, तहसील नालागढ़, जिला सोलन) के नाम पर पंजीकृत हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों के माइनिंग एक्ट के तहत चालान काटकर आगामी कानूनी प्रक्रिया के लिए मामला माननीय अदालत को भेज दिया है।

इसके अतिरिक्त एक अन्य मामले में, पुलिस थाना बद्दी की टीम ने मोरपिन रोड पर नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान अवैध रूप से खनन सामग्री ले जा रहे एक बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर को रोक कर ज़ब्त किया। ट्रैक्टर चालक की पहचान मुकेश कुमार पुत्र मदन लाल (निवासी गाँव अक्कावाली, तहसील बद्दी, जिला सोलन) के रूप में हुई है। पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर का भी माइनिंग अधिनियम के तहत चालान किया है।
बद्दी पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों से खिलवाड़ करने वाले और अवैध खनन के कारोबार में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।