हिमाचल की सुषमा वर्मा और हरलीन का महिला नॉर्थ जोन टीम में चयन, शिवानी बनीं सहायक कोच

Photo of author

By पंकज जयसवाल

शिमला : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा गुवाहाटी में आयोजित की जाने वाली सीनियर महिला इंटर-जोनल T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट (2026-27) के लिए नॉर्थ जोन (उत्तरी क्षेत्र) की टीम की घोषणा कर दी गई है। 5 नवंबर 2026 को चंडीगढ़ में हुई सीनियर महिला नॉर्थ जोन चयन समिति की बैठक में खिलाड़ियों के चयन पर मुहर लगाई गई, जिसमें हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) की महिला खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

एचपीसीए (HPCA) की ओर से अंतरराष्ट्रीय और स्टार महिला खिलाड़ी सुषमा वर्मा (शिमला) और हरलीन देओल (कांगड़ा) को नॉर्थ जोन की मुख्य टीम में शामिल किया गया है। दोनों ही खिलाड़ी लंबे समय से भारतीय घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर हिमाचल का नाम रोशन करती रही हैं। उनके चयन से एचपीसीए परिवार और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है।

मुख्य टीम के साथ-साथ एचपीसीए की चार खिलाड़ियों को स्टैंडबाय (रिजर्व) सूची में जगह मिली है। इनमें यमुना राणा (कुल्लू), शिवानी सिंह (मंडी), हिमांशी मेहता (शिमला) और सोनल ठाकुर (मंडी) शामिल हैं। मुख्य खिलाड़ियों की अनुपस्थिति या किसी आकस्मिक स्थिति में इन खिलाड़ियों को टीम में शामिल होने का अवसर मिल सकता है।

खिलाड़ियों के चयन के साथ-साथ हिमाचल के लिए एक और बड़ी उपलब्धि यह रही कि एचपीसीए की शिवानी शर्मा को इस टूर्नामेंट के लिए नॉर्थ जोन टीम का सहायक कोच (Assistant Coach) नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति प्रदेश में महिला क्रिकेट के कोचिंग स्तर और प्रबंधन की बढ़ती विश्वसनीयता को दर्शाती है।

नॉर्थ जोन टीम का टूर्नामेंट में सफर 24 नवंबर 2026 को सेंट्रल जोन के खिलाफ मुकाबले के साथ शुरू होगा। इसके बाद टीम 26 नवंबर को ईस्ट जोन, 28 नवंबर को नॉर्थ ईस्ट जोन, 30 नवंबर को वेस्ट जोन तथा 2 दिसंबर को साउथ जोन से भिड़ेगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला (नॉकआउट) 4 दिसंबर 2026 को खेला जाएगा। सभी मैच गुवाहाटी में आयोजित किए जाएंगे।

एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने सभी चयनित खिलाड़ियों और सहायक कोच को बधाई दी है तथा पूरे एचपीसीए परिवार की तरफ से उन्हें आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।