नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में गत्ता फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड के ठीक अगले ही दिन एक नया मोड़ सामने आया है। आगजनी से प्रभावित फैक्ट्री का जला हुआ स्क्रैप और गत्ता रोल चोरी-छिपे कबाड़ के गोदामों में ठिकाने लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर कालाअम्ब पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में त्रिलोकपुर रोड (जोहड़ों, कालाअम्ब) स्थित ‘माइक्रो मोशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के प्रतिनिधि अनिरुद्ध अग्रवाल (पुत्र विजय अग्रवाल) ने बताया कि 2 जुलाई को फैक्ट्री में लगी भीषण आग के बाद जले हुए गत्ता रोल और अन्य स्क्रैप को एक खुले स्थान पर सुरक्षित डंप करने का जिम्मा ‘मोहित क्रेन सर्विस’ को दिया गया था। मलबे और स्क्रैप को हटाने का यह काम दिन-रात लगातार जारी था।

इसी दौरान कंपनी के स्टाफ को शक हुआ कि क्रेन सर्विस के अलावा कुछ अन्य बाहरी ट्रैक्टर भी फैक्ट्री परिसर से स्क्रैप भरकर बाहर निकाल रहे हैं। संदेह गहराने पर जब स्टाफ ने चुपके से इन ट्रैक्टरों का पीछा किया, तो रुचिरा फैक्ट्री के सामने स्थित कच्चे रास्ते पर तीन ट्रैक्टरों (संख्या: HR04K2090, HR04M6439 और HR04L0407) को कबाड़ के गोदामों की तरफ जाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।
इन ट्रैक्टरों पर अवैध रूप से स्क्रैप ले जा रहे व्यक्तियों की पहचान शिव कुमार, प्रमोद, पंकज और धीरज के रूप में हुई है। कंपनी प्रबंधन की मुस्तैदी के कारण फैक्ट्री का कीमती स्क्रैप कबाड़ में बिकने से बच गया। कालाअम्ब पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस खेल में कबाड़ माफिया के और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।