शिमला : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर की होनहार बेटी और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी आयुषी भंडारी ने एक बार फिर देवभूमि का नाम वैश्विक पटल पर चमकाया है। आयुषी का चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय CAVA (सेंट्रल एशियन वॉलीबॉल एसोसिएशन) कप प्रतियोगिता के लिए भारतीय राष्ट्रीय महिला वॉलीबॉल टीम में हुआ है।
यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 22 से 29 मई तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने जा रही है। हाल ही में ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित हुए राष्ट्रीय चयन ट्रायल के कड़े मुकाबले के बाद भारतीय टीम के मुख्य दस्ते में आयुषी ने अपनी जगह पक्की की है।

किन्नौर जिले के कल्पा खंड के रल्ली (मेबर) गांव की रहने वाली आयुषी भंडारी के इस चयन से उनके गृह क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल है। आयुषी राजेश भंडारी (पिता) और तारा भंडारी (माता) की पुत्री हैं। एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाली आयुषी की इस सफलता पर स्थानीय खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने उनके परिवार को मिठाई खिलाकर बधाई दी है। वर्तमान में राजस्थान पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत आयुषी टीम में एक बेहतरीन अटैकर के रूप में अपनी सेवाएं देती हैं।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आयुषी भंडारी को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा “अंतरराष्ट्रीय CAVA कप प्रतियोगिता के लिए किन्नौर जिले की आयुषी भंडारी का भारतीय वॉलीबॉल टीम में चयन होना पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। आपकी यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह न केवल प्रदेश का मान बढ़ाती है, बल्कि देशभर की बेटियों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत भी है। मैं आयुषी के उज्ज्वल भविष्य और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करता हूँ।”