कुल्लू: पहाड़ से कार पर गिरे विशाल पत्थर, हादसे में डॉक्टर और उनकी पत्नी की मौत; मासूम बेटी घायल

कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के बीच कुल्लू जिले के आनी उपमंडल से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। राणाबाग–देवरी सड़क मार्ग पर शुक्रवार सुबह पहाड़ी से अचानक गिरे विशालकाय पत्थरों की चपेट में आने से एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रिज ठाकुर और उनकी पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं हादसे के समय कार में अपने माता-पिता के साथ सफर कर रही उनकी मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे तुरंत उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना आज (31 जुलाई) सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुई जब रामपुर (शिमला) पंजीकरण नंबर की कार में डॉक्टर दंपति अपनी बेटी के साथ देवरी सड़क मार्ग से गुजर रहे थे। उसी दौरान ऊपरी पहाड़ी से बिना किसी चेतावनी के भारी चट्टानें और बोल्डर खिसककर सीधे चलती गाड़ी पर आ गिरे। पत्थरों के भीषण प्रभाव से कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क से नीचे ढलान वाली खाई में जा गिरा।

हादसे की भयावहता को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुल्लू, डीपीसीआर और ग्राम पंचायत करशैगाड़ के स्थानीय प्रतिनिधि तुरंत हरकत में आए। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद खाई से डॉक्टर दंपति के शवों को बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची को प्राथमिकता के आधार पर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

इस दुखद दुर्घटना से पूरे रामपुर और आनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की पुष्टि करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि मूसलाधार बारिश और भूस्खलन संभावित पहाड़ी रास्तों पर सफर करने से बचें तथा मौसम खराब होने की स्थिति में पूरी सतर्कता बरतें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।