डॉ. यशवंत सिंह परमार विवि के नेरी कॉलेज ने मनाया स्थापना दिवस और वन महोत्सव

Photo of author

By Hills Post

हमीरपुर: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी ने वन महोत्सव-2026 का आयोजन करते हुए अपना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन नेरी स्थित फॉरेस्ट्री फार्म, खग्गल में किया गया, जिसमें महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सतीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डॉ. सतीश शर्मा ने महाविद्यालय की विकास यात्रा में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही यह संस्थान उच्च शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हुआ है।

इस वन महोत्सव के तहत फॉरेस्ट्री फार्म में तूनी, मालाबार नीम, अर्जुन, लसौड़ा, हरड़, आंवला और सहजन जैसी विभिन्न प्रजातियों के लगभग 120 पौधे रोपे गए, जिसमें 100 से अधिक शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही फल विज्ञान विभाग द्वारा विशेष एवोकाडो पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसके तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से विभिन्न किस्मों के करीब 40 पौधे लगाए गए। अधिष्ठाता ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लें और डिग्री पूरी होने तक उनकी देखभाल करें, जिससे उन्हें बागवानी का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।

नेरी (हमीरपुर) स्थित इस महाविद्यालय की नींव 29 अक्टूबर 1999 को क्षेत्रीय औद्यानिकी एवं वानिकी अनुसंधान केंद्र, भोटा के रूप में रखी गई थी। 19 अप्रैल 2011 को इसे इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एंड एनवायर्नमेंटल साइंस के रूप में उन्नत किया गया, और 28 अगस्त 2014 को इसे आधिकारिक तौर पर कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नेरी का दर्जा मिला। वर्तमान में इस महाविद्यालय में बी.एससी. (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर, बी.एससी. (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री, बी.टेक. बायोटेक्नोलॉजी और बी.टेक. फूड टेक्नोलॉजी के स्नातक पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त यहां 15 विषयों में एम.एससी. और 7 विषयों में पीएचडी कार्यक्रम भी चल रहे हैं। स्थापना से लेकर अब तक यहां से 639 स्नातक, 34 स्नातकोत्तर और 5 पीएचडी शोधार्थी डिग्रियां प्राप्त कर चुके हैं, जिनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने देश-विदेश में संस्थान का मान बढ़ाया है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।