ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी ने जून में नाहन से लेकर मोहाली तक मरीजों के लिए किया रक्तदान

नाहन : जिला सिरमौर में नि:स्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में जुटी प्रमुख रक्तदाता संस्था ‘Drops of Hope Society Sirmour’ ने जून महीने में सेवा की एक नई मिसाल कायम की है। संस्था के सेवाभावी सदस्यों ने दिन-रात एक करके न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि बाहरी राज्यों के बड़े अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराया। रक्तवीरों की इस तत्परता के कारण कई गंभीर मरीजों को समय पर नया जीवनदान मिला है, जिसकी अब पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

संस्था की ओर से जारी मासिक रिपोर्ट के मुताबिक, जून महीने के भीतर डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में ही विभिन्न ब्लड ग्रुप्स की कुल 24 यूनिट्स रक्त की जरूरत को पूरा किया गया। नाहन मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध कराए गए इस रक्त में सबसे ज्यादा मांग बी-पॉजिटिव ग्रुप की रही, जिसकी 10 यूनिट्स मरीजों को दी गईं। इसके अलावा एबी-पॉजिटिव की 6 यूनिट, ए-पॉजिटिव की 4 यूनिट, ओ-नेगेटिव की 2 यूनिट, और ए-नेगेटिव व ओ-पॉजिटिव की 1-1 यूनिट उपलब्ध करवाकर अस्पताल में भर्ती जरूरतमंदों की मदद की गई।

संस्था के रक्तवीरों की सेवा सिर्फ जिला सिरमौर तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने हिमाचल के अन्य जिलों समेत पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के बड़े अस्पतालों में उपचाराधीन सिरमौर के मरीजों की पुकार पर भी तुरंत कदम बढ़ाए। इसी कड़ी में संस्था के सदस्य अजय ठाकुर ने विशेष रूप से मेडिकल कॉलेज टांडा (कांगड़ा) जाकर ‘B नेगेटिव’ जैसे दुर्लभ ब्लड ग्रुप का रक्तदान किया। वहीं, कमल ने अलकेमिस्ट अस्पताल पंचकूला में ‘AB पॉजिटिव’ और अजय शर्मा ने आईजीएमसी (IGMC) शिमला में ‘A पॉजिटिव’ रक्तदान कर मानवता का फर्ज निभाया।

इसके साथ ही ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) के बड़े अस्पतालों में भी संस्था के पदाधिकारियों ने मोर्चा संभाले रखा। चंडीगढ़ पीजीआई, पंचकूला और मोहाली में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए संस्था के अध्यक्ष सलमान खान ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए 3 यूनिट्स रक्त की जरूरत को पूरा कराया। वहीं, अखिल माहेश्वरी ने मोहाली और पंचकूला के विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन जिला सिरमौर के गंभीर मरीजों के लिए 5 यूनिट्स रक्त का इंतजाम करवाया। मोहाली के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती सिरमौर के मरीजों के लिए सदस्य अभिषेक ठाकुर ने भी खुद आगे आकर B पॉजिटिव व O पॉजिटिव रक्तदान किया।

दूसरी तरफ, उत्तराखंड और हिमाचल के अन्य बड़े मेडिकल सेंटरों में भी रक्तदाताओं ने समय पर पहुंच दर्ज कराई। कर्मठ सदस्य कपिल नेगी ने तत्परता दिखाते हुए आईजीएमसी शिमला में 2 यूनिट AB+, देहरादून के महंत इन्दिरेश अस्पताल में 3 यूनिट A नेगेटिव और मेडिकल कॉलेज टांडा कांगड़ा में 2 यूनिट B पॉजिटिव रक्त की व्यवस्था करवाकर गंभीर मरीजों की जरूरत को पूरा कराया। इसी तरह उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इलाज करवा रहे मरीजों के लिए नदीम खान ने संकट के समय 4 यूनिट्स रक्त की जरूरत को समय रहते पूरा करवाया। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि सभी सदस्यों के आपसी सहयोग और दिन-रात की कड़ी मेहनत के कारण ही यह सेवा निरंतर संभव हो पा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।