तेंदुए को बाथरूम में देखकर नहीं खोया हौसला, महिला की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली गांव में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खूंखार तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुसकर एक मकान के बाथरूम में जा छिपा। तेंदुए की इस दस्तक से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई, लेकिन घर की एक महिला सदस्य की बहादुरी और गजब की सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार तड़के जब परिवार की एक महिला सदस्य सामान्य रूप से बाथरूम का इस्तेमाल करने गईं, तो उन्हें अंदर से किसी जंगली जानवर के जोर-जोर से गुर्राने की आवाज आई। अचानक ऐसी परिस्थिति सामने आने पर जहां कोई भी डर जाता, वहीं महिला ने अपनी घबराहट पर काबू पाया और गजब का साहस दिखाया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए फुर्ती से बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर लॉक कर दिया।

बाद में जब परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और अंदर झांका, तो पता चला कि वहां एक तेंदुआ कैद है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर महिला उस वक्त जरा सी भी लापरवाही या डर दिखाती, तो दरवाजा खुलते ही तेंदुआ उन पर जानलेवा हमला कर सकता था। महिला की इस जांबाजी की अब पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है, वहीं घटना के बाद वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।