नाहन : उपमंडल ददाहू के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बिड़ला के गांव तिरमली (दयाड़) में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपनी ही बुजुर्ग मां पर तेजधार हथियार और डंडे से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता गुरुदेवी (उम्र 60 वर्ष), पत्नी स्व. विद्या रतन, निवासी गांव तिरमली ने बताया कि उसका सबसे छोटा बेटा हरीश शर्मा कोई कामकाज नहीं करता और विभिन्न प्रकार के नशे करने का आदी है। वह अक्सर अपनी अनुचित मांगों को लेकर मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता रहता था।

पीड़िता के अनुसार, 12 अक्तूबर की सुबह करीब 10:30 बजे हरीश शर्मा ने उस पर पहले लोहे की दराटी से हमला किया और उसके बाद डंडे से बेरहमी से पीटा। दराटी के वार से महिला के दाहिने हाथ पर गहरा घाव आया है तथा डंडे से शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी व बाहरी चोटें पहुंची हैं।
जब पीड़िता जान बचाने के लिए चिल्लाई और भागने लगी, तो आरोपी ने उसे दोबारा पकड़कर पीटा। इस दौरान घर में मौजूद बहू चंचल शर्मा ने बीच-बचाव कर अपनी सास को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी हरीश शर्मा बहू को भी मारने पर उतारू हो गया और दोनों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बहू ने तुरंत अपने दूसरे जेठ भूपेंद्र को फोन कर मौके पर बुलाया, जिसके बाद पीड़िता को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ददाहू पहुँचाया गया।
नागरिक अस्पताल ददाहू से मिली सूचना के आधार पर रेणुका जी पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुँची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता का एक्स-रे करवाने की सलाह दी है तथा गंभीर हालत को देखते हुए आगामी इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपी हरीश शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना रेणुका जी में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धारा के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी तफ्तीश व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।