ददाहू: सिरमौर जिला के ददाहू में पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के एक बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यूको बैंक ददाहू के समीप एक मकान में छापेमारी कर 1 लाख 41 हजार 500 रुपये की भारी नकदी और ताश के पत्तों के साथ 10 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मकान मालिक के खिलाफ भी अपने घर में अवैध रूप से जुआ खिलवाने का मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

डी.एस.पी. संगड़ाह मंगतराम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एस.आई.यू. टीम को दोपहर करीब 12:45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि अमित सब्रवाल नामक व्यक्ति अपने घर के कमरों में जुआ खिलवाने का अवैध धंधा संचालित करता है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस ने स्थानीय निवासी जसवीर सिंह और लेखराम को स्वतंत्र गवाह के रूप में अपने साथ लिया और मकान मालिक अमित सब्रवाल को तलाशी के अधिकार पत्र से अवगत करवाकर उसके घर पर दबिश दी। मकान की धरातल मंजिल के मुख्य गेट के दाहिनी तरफ वाले कमरे को जब खुलवाया गया, तो वहां कई लोग फर्श पर ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने ताश के पत्ते वहीं फेंक दिए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कमरे में मौजूद सभी व्यक्तियों को काबू किया और मौके से दांव पर लगे 1,41,500 रुपये नकद बरामद किए। इसके अतिरिक्त मौके से 52 ताश के पत्ते और तीन बंद पैकेटों में नई ताश की गड्डियां भी बरामद की गईं। मौके पर पकड़े गए 10 व्यक्तियों की पहचान सुनील अत्री, गोविंद सिंह, राजेंद्र कुमार, कलम सिंह, राकेश शर्मा, रामचंद्र, विक्रम सिंह, दीपचंद, सुरजन सिंह और महेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पराड़ा, कोटला मोलर, शिलाई और ददाहू के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
इस कृत्य के लिए पुलिस ने बंद कमरे में ताश पर दांव लगाकर जुआ खेलने वाले सभी 10 आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1867 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, अपने भवन में जुआ खेलने की सुविधा और जगह उपलब्ध करवाने के आरोप में मकान मालिक अमित सब्रवाल के विरुद्ध इसी अधिनियम की धारा 3 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की आगामी जांच मुख्य आरक्षी सुरेंद्र दत्त द्वारा अमल में लाई जा रही है। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में भारी हड़कंप देखा जा रहा है।