देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर शंभूवाला के पास सड़क हादसा: आपस में टकराईं दो कारें

नाहन : देहरादून -चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर शंभूवाला के समीप शनिवार को दो कारों की आपसी भिड़ंत हो गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं। हादसा सड़क पर मौजूद एक गहरे गड्ढे को बचाने के चक्कर में हुआ, जिसके कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, पांवटा साहिब की ओर से नाहन आ रही एक ऑल्टो कार (HR 04C 0715) जब शंभूवाला के पास पहुंची, तो चालक ने सड़क के बीचों-बीच मौजूद एक बड़े गड्ढे को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार (HR 26 BV 7691) ऑल्टो को बचा नहीं पाई और पीछे से जोर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन सुखद पहलू यह रहा कि कम रफ्तार के चलते किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत की। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर जगह-जगह बने ये गड्ढे आए दिन हादसों को न्यौता दे रहे हैं। विशेषकर शंभूवाला और उसके आसपास का पैच काफी खराब है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।