सोलन: द लॉरेंस स्कूल, सनावर ने 19वीं किर्लोस्कर इंटर-स्कूल बिजनेस क्विज़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की है। देशभर के 27 प्रमुख विद्यालयों के बीच आयोजित इस राष्ट्रीय मुकाबले में सनावर की टीम युवराज सिंह, बरकत रूहान सिंह चंडोक और अक्षत पाराशर ने स्प्रिंगडेल सीनियर स्कूल, अमृतसर को 70 अंकों के बड़े अंतर से मात दी। प्रतियोगिता में द एशियन स्कूल, देहरादून दूसरे रनर-अप के रूप में रहा।

सनावर की पूर्व छात्रा गीतांजलि किर्लोस्कर द्वारा प्रायोजित और विद्यालय के कॉमर्स संकाय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन प्रसिद्ध क्विज़ मास्टर गौतम बोस ने 20 प्रश्नों के प्रारंभिक राउंड से किया। कड़े टाई-ब्रेकर मुकाबले के बाद छह टीमों विवेक हाई स्कूल चंडीगढ़, मेयो कॉलेज अजमेर, द एशियन स्कूल देहरादून, लर्निंग पाथ्स स्कूल मोहाली, स्प्रिंगडेल अमृतसर और द लॉरेंस स्कूल सनावर ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई। फिनाले के पांच चुनौतीपूर्ण राउंड्स में बिजनेस समझ, रणनीति और त्वरित निर्णय क्षमता का कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं एनईओ (NEO) ग्रुप के सह-संस्थापक पुनीत मट्टा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को खतरे के बजाय नेतृत्व और नवाचार का अवसर मानने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एआई तेज रफ्तार कार की तरह है, जिसकी ड्राइविंग सीट पर मानव मस्तिष्क है, इसलिए तकनीक के बदलावों को अपनाकर ही आगे बढ़ा जा सकता है। हेडमास्टर रुचि प्रधान दत्ता ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन की सराहना की।