नकली दूध पर कसेगा शिकंजा! पांवटा साहिब में दूध उत्पादक संघ और किसान नेताओं ने मिलाया हाथ

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : दूध उत्पादक संघ पांवटा साहिब की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आज पैराडाइज रिज़ॉर्ट में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता अमरजीत सिंह बिट्टा ने की, जबकि सरदार महेंद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं, डॉ. अमित महाजन कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्र के दूध उत्पादकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों पर गहनता से चर्चा की गई।

बैठक में भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष तरसेम सिंह सग्गी, हिमाचल किसान सभा के अध्यक्ष गुरविंदर सिंह गोपी तथा भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश सैनी मुख्य रूप से मौजूद रहे। किसान नेताओं की उपस्थिति में दूध उत्पादकों के हितों की रक्षा और डेरी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान किसानों और दूध उत्पादकों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि किसानों से गाय का दूध ₹50 प्रति लीटर और भैंस का दूध ₹61 प्रति लीटर की दर से खरीदा जाएगा। इस फैसले से क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु बाजार में बिक रहे नकली और मिलावटी दूध पर रोक लगाना रहा। संघ के सदस्यों और उपस्थित किसान नेताओं ने बाजार में नकली दूध की आवक और बिक्री को रोकने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का दृढ़ संकल्प लिया। चेतावनी दी गई कि यदि बाजार में कहीं भी नकली या मिलावटी दूध पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेताओं व दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक दूध उत्पादक, पशुपालक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।