नाहन: सिरमौर जिला एथलेटिक एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, नाहन में एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में एसोसिएशन के संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्ययोजना पर सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, एसोसिएशन द्वारा पूर्व में विजय कुमार के विरुद्ध जारी किए गए निलंबन आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि विजय कुमार पर लगे आरोप व्यक्तिगत हैं, जिनसे एसोसिएशन का कोई लेना-देना नहीं है। इसी आधार पर उन्हें एसोसिएशन की ओर से दोषमुक्त करते हुए पुनः बहाल कर दिया गया है। अब वे पूर्व की भांति अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

इसके साथ ही, बैठक में सिरमौर जिला एथलेटिक एसोसिएशन के आगामी चुनावों की तिथि और समय की भी घोषणा की गई। एसोसिएशन के चुनाव आगमी 20 दिसंबर को सुबह 11:00 बजे लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, नाहन में आयोजित किए जाएंगे। अध्यक्ष शिवराज शर्मा ने एसोसिएशन के सभी सदस्यों और पदाधिकारियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अध्यक्ष शिवराज शर्मा के साथ विजय कुमार यादव, लक्ष्मी चन्द अत्री, धनवीर, अर्जुन सिंह नागरा, बृजमोहन, सतीश पुण्डीर, नरेश शर्मा, इकबाल कौर, जाफर अली, गुरनाम सिंह, सलीम अहमद, राजेश्वर शर्मा, महक, नेहा, देवेन्द्र, आशिक, बलीन्द्र सिंह, मनुज शर्मा, राजेन्द्र बॉबी, नरेन्द्र थापा, रविन्द्र पंवार हाटी तथा विरेन्द्र पासी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।