नाहन : लोक जनशक्ति पार्टी प्रदेश में संगठन को मजबूत करते हुए हिमाचल की राजनीति में तीसरे विकल्प के रूप में उभरने की तैयारी कर रही है। नाहन पहुंचे पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में यह घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोजपा की प्राथमिकता प्रदेश के शिक्षित व प्रतिभाशाली युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
नितिन चौहान ने कहा कि हिमाचल में केवल सरकारी नौकरियों के सहारे बेरोजगारी की समस्या हल नहीं की जा सकती। इसके लिए निजी क्षेत्रों, स्थानीय अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े रोजगार के अवसर तलाशने होंगे। सिरमौर सहित प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में ऐसी नीतियां बनानी होंगी, जिससे उद्योगों के विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार मिल सके। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जल्द ही हिमाचल दौरे पर आएंगे और युवाओं के साथ विशेष बैठक कर उनकी समस्याओं तथा रोजगार के मुद्दों पर संवाद करेंगे।

अपनी राजनीतिक सोच पर बात करते हुए नितिन चौहान ने कहा, “मेरे लिए राजनीति सत्ता पाने का जरिया नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है।” उन्होंने अपने पिता व 2003 में नाहन से लोजपा के पूर्व विधायक रहे स्वर्गीय सदानंद चौहान को याद करते हुए कहा कि वे अपने पिता के आदर्शों पर चलकर किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों और समाज के हर वर्ग की आवाज उठाएंगे।
संगठन विस्तार की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी किसी विरोधी दल के खिलाफ मोर्चा खोलने नहीं, बल्कि अपने पक्ष में जमीन तैयार करने आई है। जल्द ही प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर लोजपा को एक मजबूत और विश्वसनीय विकल्प के रूप में खड़ा किया जाएगा। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता संजय सिंह, दिनेश चौधरी और अनवर अली भी उपस्थित रहे।