सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन और इसके आसपास के इलाकों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर एक अच्छी खबर है। रविवार को सोलन में 100Ten मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, 100Ten इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा एंड पैरामेडिकल साइंसेज और मेदांता लैब्स का भव्य उद्घाटन किया गया। सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए इन संस्थानों का विधिवत शुभारंभ किया।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी ये सभी सुविधाएं
इन तीनों संस्थानों के एक साथ शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। 100Ten मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में जहां मरीजों को अलग-अलग बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलेंगी, वहीं आयुर्वेद और पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के जरिए क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा।
सबसे बड़ी बात यह है कि मेदांता लैब्स के जुड़ने से लोगों को आधुनिक डायग्नोस्टिक और तमाम तरह के मेडिकल टेस्ट की सुविधाएं भी यहीं मिल सकेंगी। इससे मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच के लिए अब चंडीगढ़ या अन्य बड़े शहरों की ओर रुख करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
निजी क्षेत्र की भागीदारी अहम: डीसी मनमोहन शर्मा
इस मौके पर उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किसी भी क्षेत्र के विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार होता है। आधुनिक चिकित्सा सेवाओं और प्रशिक्षित स्टाफ के होने से आम जनता को सीधा फायदा मिलता है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी संस्थानों की भागीदारी को बेहद अहम बताया और उम्मीद जताई कि 100Ten ग्रुप की यह पहल लोगों को बेहतर इलाज देने में मील का पत्थर साबित होगी।
इन विशेषज्ञों की रही मौजूदगी
इस भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन 100Ten ग्रुप के फाउंडर परवीन अग्निहोत्री और 100Ten हॉस्पिटल एंड वेलनेस इंस्टीट्यूट की को-फाउंडर रीता ठाकुर के नेतृत्व में हुआ। आयोजकों ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ कुशल स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण को प्रोत्साहित करना है।
समारोह में चिकित्सा और स्वास्थ्य शिक्षा जगत के कई जाने-माने विशेषज्ञ मौजूद रहे। इनमें ग्रुप के मेडिकल डायरेक्टर व ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अनिल नादिर, ग्रुप डायरेक्टर (क्लीनिकल सर्विसेज) व गायनाकोलॉजी सर्जन डॉ. लवलीना नादिर, मेदांता लैब्स के हेड डायग्नोस्टिक सर्विसेज मलिक अशहाब, डीजीएम (सेल्स) अजय कुमार, लीड मेडिकल सर्विसेज डॉ. शिवानी शर्मा, मेधावी स्किल्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार शर्मा, अस्पताल इंचार्ज डॉ. रोजी मावलॉन्ग और असिस्टेंट मैनेजर डॉ. अमन कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।