शिमला के छोटे से गांव से माया नगरी मुंबई तक, जेडी शर्मा ने अभिनय की दुनिया में बनाई अपनी पहचान

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाएं आज देश और दुनिया के अलग-अलग मंचों पर अपनी धाक जमा रही हैं। सूबे के दुर्गम इलाकों से निकलकर युवा लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इसी कड़ी में एक नया नाम जुड़ा है शिमला जिले के कुपवी क्षेत्र के रहने वाले जेडी शर्मा का, जो मायानगरी मुंबई में रहकर एक्टिंग और मॉडलिंग की दुनिया में अपनी खास पहचान बना रहे हैं।

सोलन में हुई पढ़ाई, 2022 में किया मुंबई का रुख

शिमला जिले के कुपवी क्षेत्र के लोहानधार गांव से ताल्लुक रखने वाले जेडी शर्मा की स्कूली पढ़ाई सोलन में हुई है। बचपन से ही उनके अंदर अभिनय के प्रति गहरा लगाव था और मनोरंजन जगत में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना पल रहा था। इसी सपने को हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने साल 2022 में मायानगरी मुंबई का रुख किया और कड़ी मेहनत के दम पर अभिनय को अपना पेशा बनाया।

फिल्मों और वेब सीरीज में बिखेरा जलवा

जेडी शर्मा अब तक कई फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनकी फिल्मोग्राफी में ‘टॉक्सिक’, ‘केसरी वीर’, ‘हैलो मम्मी’ और ‘हरि हर वीरा मल्लू’ जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी काफी सक्रिय हैं। उन्होंने 10 से अधिक वेब सीरीज और 10 से ज्यादा टीवी कमर्शियल और विज्ञापनों में भी काम किया है।

मशहूर टीवी सीरियल्स का रहे हिस्सा

टेलीविजन की दुनिया में भी जेडी शर्मा ने अपनी एक मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई है। वह देश के कई मशहूर और लोकप्रिय धारावाहिकों (TV Serials) में काम कर चुके हैं, जिनमें ये रिश्ता क्या कहलाता है, अनुपमा, मंगल लक्ष्मी, झनक, शिव शक्ति, शैतानी रस्में शामिल हैं। इन दिनों दंगल टीवी पर उनका शो ‘सांचे दरबार की जय’ प्रसारित हो रहा है, जिससे उन्हें और दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

थिएटर और वर्कशॉप से निखारी प्रतिभा

कैमरे के सामने बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जेडी शर्मा ने एक साल तक थिएटर भी किया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी कला को और निखारने के लिए ‘प्रोफेशनल एक्टिंग वर्कशॉप’ के जरिए प्रशिक्षण भी लिया है। यही वजह है कि वह फिल्मों और टीवी सीरियल्स में लीड रोल (मुख्य भूमिका), नेगेटिव रोल और अलग-अलग कैरेक्टर रोल में अपनी शानदार अभिनय क्षमता साबित कर चुके हैं।

पीडब्ल्यूडी कर्मचारी के बेटे हैं जेडी शर्मा

जेडी शर्मा एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता लोक निर्माण विभाग (PWD) में कर्मचारी हैं और माता एक कुशल गृहिणी हैं। परिवार में उनका एक भाई और एक बहन हैं। एक छोटे से गांव से निकलकर मुंबई की चकाचौंध भरी दुनिया में इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे जेडी की कड़ी मेहनत के साथ-साथ उनके पूरे परिवार का भी बड़ा सहयोग रहा है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।