शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों की विशिष्ट स्वास्थ्य देखभाल और भावनात्मक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी पहल की है। प्रदेश के तीन प्रमुख सरकारी मेडिकल कॉलेजों आईजीएमसी शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा, कांगड़ा और श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक मंडी में विशेष तौर पर बुजुर्गों के लिए जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित करने को मंजूरी दे दी गई है। इन विभागों के सुचारू संचालन के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट के नए पद भी सृजित कर भरे जाएंगे।

क्या है जेरियाट्रिक मेडिसिन?
जेरियाट्रिक मेडिसिन चिकित्सा विज्ञान की वह विशेष शाखा है, जो खासतौर पर वृद्धजनों में होने वाली बीमारियों की रोकथाम, निदान और इलाज पर केंद्रित है। इसमें सिर्फ शरीर के किसी एक अंग या बीमारी का इलाज नहीं होता, बल्कि बुजुर्गों के संपूर्ण स्वास्थ्य, उनकी मानसिक और मनोवैज्ञानिक स्थिति के साथ-साथ बढ़ती उम्र की सामान्य प्रक्रियाओं के बीच के फर्क को भी समझा जाता है।
बुजुर्गों को कैसे मिलेगा फायदा?
इन विभागों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है। यहां बुजुर्गों को आयु से संबंधित बीमारियों (जैसे याददाश्त कमजोर होना, जोड़ों का दर्द आदि) का विशेष इलाज मिलेगा। समय पर बीमारियों की पहचान और रोकथाम हो सकेगी। उम्र से संबंधित शारीरिक अक्षमता को रोकने के उपाय किए जाएंगे। बुजुर्ग मरीजों को शारीरिक इलाज के साथ-साथ मानसिक और मनोवैज्ञानिक सहयोग भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री सुक्खू का विजन
इस फैसले पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर बुजुर्गों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को खास ध्यान, भावनात्मक सहयोग और विशेष देखभाल की जरूरत होती है। इन विभागों के खुलने से न सिर्फ बुजुर्ग मरीजों को विशेषज्ञ इलाज मिलेगा, बल्कि वे एक स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस पहल से मेडिकल कॉलेजों में संस्थागत ढांचा मजबूत होगा और इस विशेष क्षेत्र में डॉक्टरों को ट्रेनिंग और विशेषज्ञता हासिल करने के नए अवसर भी मिलेंगे। यह कदम प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं देने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।