नाहन : सिरमौर जिला को तंबाकू मुक्त बनाने की मुहिम के तहत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई और सख्त कर दी है। टीम ने नाहन के नया बाजार, रानीताल, कच्चा टैंक और नवोदय विद्यालय के आसपास दुकानों पर ताबड़तोड़ औचक छापेमारी की। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर खुले में सिगरेट बेचने और स्कूलों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पाद उपलब्ध कराने वाले दुकानदारों पर सीधे चालान काटे गए।
कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि कई दुकानों पर पैकेट के बजाय खुले में सिगरेट बेची जा रही थी, जो कि तंबाकू नियंत्रण कानून का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा नवोदय स्कूल के 100 मीटर के प्रतिबंधित दायरे में आने वाली दुकानों पर भी कड़ी चेकिंग की गई।

नियमों की अनदेखी करने पर संयुक्त टीम ने कुल 14 चालान काटे, जिसके तहत ₹5,000 तक का अधिकतम जुर्माना वसूला गया। अचानक हुई इस दबिश से बाजार के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मोनिशा अग्रवाल ने बताया कि खुले में सिगरेट बेचना और शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू उत्पाद बेचना गंभीर अपराध है और स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके अलावा खुले सिगरेट बेचने पर भी सख्त पाबंदी है ताकि युवा इसकी गिरफ्त में न आएं। नया बाजार, रानीताल और नवोदय स्कूल जैसे क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी ऐसी ही सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।”
संयुक्त टीम ने क्षेत्र के सभी दुकानदारों को कड़ा निर्देश दिया है कि वे अपनी दुकानों पर वैधानिक चेतावनी प्रदर्शित करें और किसी भी सूरत में नाबालिगों या शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू उत्पाद न बेचें।