नाहन : लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक कालाअंब स्थित होटल नटराज में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन, प्रदेश महामंत्री अश्वनी गर्ग, कोषाध्यक्ष अजय सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवीन, बरोटीवाला इकाई के अध्यक्ष संजीव एवं हेमंत कौशल सहित राज्य की विभिन्न इकाइयों के मुख्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। कालाअंब इकाई के अध्यक्ष एवं युवा उद्यमी अखिल महेश्वरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान जिला सिरमौर के नवनियुक्त एएसपी नरेंद्र सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्हें संगठन की ओर से नए पदभार की बधाई देते हुए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों बद्दी, परवाणू और कालाअंब में लघु उद्योग भारती के बैनर तले ‘रोजगार ब्यूरो’ शुरू करने का बड़ा निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने बताया कि अक्सर उद्योगों को अपनी आवश्यकता के अनुसार योग्य कर्मचारी नहीं मिल पाते, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है। इन रोजगार ब्यूरो के माध्यम से स्थानीय युवाओं और कुशल श्रमिकों को उद्योगों की मांग के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही बैठक में इनपुट टैक्स (18%) और आउटपुट टैक्स (5%) के अंतर के कारण उद्यमियों को आ रही वित्तीय समस्याओं पर भी गंभीर मंथन किया गया।

संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कालाअंब इकाई की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। रितेश अग्रवाल को महासचिव, विक्रम चिकारा को उपाध्यक्ष तथा विकास जटियान, सचिन सोलंकी और अंकुश क्लारे को संयुक्त सचिव का दायित्व सौंपा गया। वहीं अमन दुग्गल को संयुक्त सचिव के साथ-साथ मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उम्मीद जताई गई कि वे अपने अनुभव और ऊर्जा से उद्यमियों के हितों की रक्षा और संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कालाअंब इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने क्षेत्र की दीर्घकालिक बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ी कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई। इसके अलावा, हिमाचल-हरियाणा सीमा पर स्थित कालाअंब अंतरराज्यीय बैरियर को औद्योगिक आवाजाही में बड़ी बाधा बताते हुए इसे सुगम बनाने की मांग की। उन्होंने जानकारी दी कि इस संदर्भ में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान के माध्यम से प्रशासनिक कार्यवाही जारी है और जल्द ही सकारात्मक समाधान निकल आएगा।