नाहन में बीच सड़क पर खूनी झड़प! महिला और बुजुर्ग ने एक-दूसरे पर दर्ज कराया क्रॉस केस!

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के पुलिस थाना में दो पक्षों की शिकायतों के आधार पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का एक सनसनीखेज क्रॉस केस दर्ज हुआ है। इस मामले में एक तरफ से एक महिला ने और दूसरी तरफ से बिजली विभाग के एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग कर्मचारी ने एक-दूसरे पर सरेआम रास्ता रोककर गाली-गलौज, बेइज्जती करने और ईंट उठाकर जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) दर्ज कर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस थाना नाहन में दर्ज पहली शिकायत में अमरपुर मोहल्ला की निवासी संगीता पत्नी रोहित ने आरोप लगाया है कि बीते रविवार (17 मई ) की शाम वह अपने पति के साथ मंदिर जा रही थीं। रास्ते में मदन मोहन और उनके बेटे ने उन्हें अचानक रोक लिया और सरेआम लोगों के सामने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए घोर बेइज्जती की।

संगीता का आरोप है कि बहसबाज़ी के दौरान मदन मोहन ने पीछे से उनके पति को दबोच लिया, जबकि मदन मोहन के बेटे ने पास ही पड़ी एक ईंट उठा ली। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वह बीच-बचाव कर झगड़ा छुड़ाने की कोशिश कर रही थीं, तो उसी दौरान मदन मोहन का पैर फिसल गया और वह मुंह के बल सड़क पर गिर गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अक्सर उनके घर पर आकर भी गाली-गलौज करते हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।

वहीं, दूसरी तरफ से बुजुर्ग मदन मोहन स्वामी पुत्र स्वर्गीय कांति नारायण स्वामी (निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नाहन) ने भी पुलिस में काउंटर केस दर्ज करवाया है। बिजली विभाग से सेवानिवृत्त मदन मोहन स्वामी का आरोप है कि 17 मई की शाम वह अपने बेटे अमित के साथ फोटोस्टेट की दुकान पर जा रहे थे। रास्ते में रोहित और उसकी पत्नी संगीता ने उनका रास्ता रोका और उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

बुजुर्ग का आरोप है कि आरोपियों ने उन पर ईंट उठाकर हमला किया। इतना ही नहीं, इसके बाद रोहित ने मौके पर अपने 6-7 अन्य साथियों को भी बुला लिया और सबने मिलकर बाप-बेटे को बुरी तरह पीटा। इस खूनी झड़प में बुजुर्ग मदन मोहन की बाजू, नाक, माथे और दांत पर गहरी चोटें आई हैं, जबकि उनके बेटे अमित की बाजू और कान के पीछे गंभीर चोटें लगी हैं।

पुलिस ने दोनों ही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों मामलों में अन्वेषण (Investigation) जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।