नाहन : शहर में रंजिश के चलते मारपीट और जानलेवा हमले की गंभीर वारदात सामने आई है। पुलिस थाना नाहन में दर्ज मामले के अनुसार, बाल्मिकी बस्ती नाहन निवासी कान्हा ने स्थानीय युवाओं के एक समूह पर पुरानी रंजिश के तहत मारपीट, धमकी देने और तेज हथियारों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।
घटनाक्रम की शुरुआत 9 सितंबर की शाम को हुई जब शिकायतकर्ता कान्हा बस स्टैंड नाहन के पास से गुजर रहा था। पीड़ित के अनुसार, गोविंदगढ़ निवासी बादल नामक युवक ने अपनी मोटरसाइकिल अचानक उसके सामने रोक ली और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियाँ दीं। इसके तुरंत बाद आरोपी ने कान्हा के चचेरे भाई लक्ष्य के मोबाइल फोन पर भी संपर्क किया और उसे खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह अपने भाई को लेकर मेले में पहुंचे, जहाँ उनका हिसाब-किताब किया जाएगा।

धमकियों का यह सिलसिला उसी रात खूनी संघर्ष में बदल गया, जब कान्हा अपने दो अन्य भाइयों अंशू और नितेश के साथ चौगान में वासु बेकरी के समीप से कुछ जरूरी सामान खरीद रहा था। इसी दौरान गोविंदगढ़ निवासी बादल, गप्पू, खोजू, किशू और उनके लगभग तीन से चार अन्य साथी अचानक वहाँ आ पहुँचे। इन सभी 7 से 8 युवकों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से कान्हा, अंशू और नितेश को घेर लिया तथा उन पर लाठी-डंडों व धारदार चीजों से जानलेवा हमला बोल दिया।
इस अचानक हुए हमले में तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को एकत्र होता देख सभी हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायलों को तुरंत उपचार के लिए पहुंचाया गया।
SP सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना नाहन ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों बादल, गप्पू, खोजू, किशू और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।