नाहन : सामाजिक समरसता और निस्वार्थ सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सनातन चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी नाहन द्वारा श्री गुरु रविदास मंदिर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर में कठिन परिस्थितियों में भी घर-घर रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू रखने वाले 15 सिलेंडर डिलीवरी कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सनातन चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी के सचिव राजीव शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी 15 युवाओं को भगवा गमछा (पटका) पहनाकर, स्मृति चिन्ह और दैनिक जीवन में काम आने वाली विशेष किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के भयावह दौर से लेकर हाल ही में अमेरिका और ईरान के मध्य उपजे अंतरराष्ट्रीय युद्ध संकट के समय भी इन कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति रुकने नहीं दी। आम जनता की रसोई का चूल्हा जलता रखने में इनकी भूमिका बेहद सराहनीय है।

इस सम्मान समारोह में सामाजिक समरसता की मिसाल देखने को मिली। कार्यक्रम में नगर परिषद नाहन के उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा तथा वार्ड नंबर 13 की पार्षद संजना कौर ने विशेष रूप से शिरकत की। इसके साथ ही वाल्मीकि सभा के अध्यक्ष विजय चौरिया और श्री गुरु रविदास सभा के अध्यक्ष जगमोहन ने भी समारोह में भाग लेकर इन कर्मठ युवाओं का हौसला बढ़ाया।
समारोह में सनातन चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों, स्थानीय गणमान्य लोगों तथा आसपास के निवासियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। उपस्थित सभी अतिथियों ने सोसाइटी की इस पहल की सराहना की और समाज के हर वर्ग के योगदान को आदर देने के इस प्रयास को प्रेरणादायक बताया।