नाहन : जिला रोजगार अधिकारी देविन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि SIS India Limited, Hamirpur द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के कुल 120 पदों को भरने के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती प्रक्रिया राजगढ़, संगड़ाह और नाहन के रोजगार कार्यालयों में आयोजित की जाएगी, जिसमें केवल पुरुष अभ्यर्थी ही भाग लेने के लिए पात्र होंगे।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 22 सितंबर 2026 (मंगलवार) को उप-रोजगार कार्यालय राजगढ़, 23 सितंबर 2026 (बुधवार) को उप-रोजगार कार्यालय संगड़ाह और 24 सितंबर 2026 (गुरुवार) को जिला रोजगार कार्यालय नाहन में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। कैंपस इंटरव्यू का आयोजन निर्धारित तिथियों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा। इन पदों के लिए चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 18,000 रुपये से लेकर 24,000 रुपये (Gross) प्रति माह का वेतन दिया जाएगा।

इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या उससे अधिक रखी गई है। आवेदक की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा शारीरिक मापदंड के अनुसार अभ्यर्थी की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय पर अपने साथ अपडेटेड रिज्यूम (Resume), 10वीं का प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड , पहचान पत्र, 2 पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य सभी संबंधित मूल व शैक्षणिक दस्तावेजों की प्रतियां लेकर साक्षात्कार स्थल पर पहुंचें।
भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIS के Candidate Login Tab के माध्यम से अपनी प्रोफाइल बनाकर अधिसूचित रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिनका पंजीकरण ऑफलाइन है, वे पोर्टल पर अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाकर ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें। इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई भत्ता देय नहीं होगा। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 78072-22237 या 01702-222274 पर संपर्क कर सकते हैं।