नाहन : सिरमौर जिले के माजरा पुलिस थाने के अंतर्गत क्यारदा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पांवटा साहिब से माजरा की ओर आ रही एक अनियंत्रित जेसीबी चालक ने कट मारते हुए सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
माजरा थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, पुरुवाला कांशीपुर (तहसील पांवटा साहिब) निवासी संजय कुमार ने बताया कि बीते कल शाम करीब 7:30 बजे वे माजरा से अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान क्यारदा के पास पुरुवाला कांशीपुर निवासी विकास (पुत्र जगदीश चंद) अपनी मोटरसाइकिल से सही दिशा में पांवटा साहिब की तरफ जा रहे थे।

इसी बीच पांवटा साहिब की ओर से आ रही जेसीबी (HP17D-0858) के चालक ने अचानक लापरवाही से कट मार दिया और मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास सीधे जेसीबी की बकेट में जा गिरे और उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर जा गिरी।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल विकास को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद पूछताछ में जेसीबी चालक ने अपना नाम ज्ञान चंद (निवासी टोका नगला) बताया है। पुलिस ने आरोपी जेसीबी चालक के खिलाफ माजरा थाने में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की आगामी जांच जारी है।