नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां की एक युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर अपने ही माता-पिता और परिजनों पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि परिजन उसे पढ़ने नहीं देते, उसकी पेंटिंग्स फाड़ देते हैं और जबरन शादी का दबाव बना रहे हैं। जान का खतरा बताते हुए युवती ने अपना घर छोड़ दिया है। वहीं, पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में युवती भावुक और डरी हुई नजर आ रही है। युवती ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “मैं नाहन की रहने वाली हूं और अपना घर छोड़ रही हूं। मेरे पापा और मम्मी मुझे बुरी तरह मारते-पीटते हैं और शारीरिक हिंसा करते हैं। मेरी पॉलिटिकल साइंस में एम.ए. पूरी हो चुकी है और मैं एक आर्टिस्ट हूं, लेकिन मुझे काम नहीं करने दिया जाता। मेरी बुक्स को आग लगाने की धमकियां दी जाती हैं और मेरी बनाई पेंटिंग्स फाड़ दी जाती हैं।”

युवती ने आगे आरोप लगाया कि उसके परिजन उस पर उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करने का दबाव बना रहे हैं। इंकार करने पर जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं और घर की बुआ पढ़ाई-लिखाई के छोटे-छोटे खर्चों के ताने देती है। युवती का कहना है कि उसने पुलिस स्टेशन में प्रताड़ना की शिकायत दर्ज करवा दी है और अब वह ऐसे माहौल में नहीं रह सकती। वह अपने दम पर आगे पढ़ना चाहती है और अपने सपनों के लिए खुद लड़ाई लड़ेगी।
दूसरी तरफ, युवती के परिवार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने युवती के माता-पिता और भाई समेत पूरे परिवार को थाने बुलाया था। परिजनों से बातचीत के बाद पुलिस ने भाई की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों ने वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। एसपी सिरमौर ने बताया कि युवती की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस टीम मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर युवती की सुरक्षा और तलाश में जुटी हुई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि युवती के सामने आने और उसके बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की असल सच्चाई सामने आ पाएगी।