नाहन : शहर के तेली मोहल्ला क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के निवासी तौसीफ खान (आयु 26 वर्ष), पुत्र शराफत अली ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह घटना शनिवार शाम लगभग 6:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम को जब परिजनों व आसपास के लोगों को घटना का पता चला, तो वे उसे तुरंत डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज नाहन ले गए। हालांकि, वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

DSP नाहन शक्ति सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज, नाहन में रखवा दिया है।
युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
महज 26 वर्ष की उम्र में युवक के इस तरह अचानक चले जाने से तेली मोहल्ला और आसपास के क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।