नाहन: HRTC चालक-परिचालकों का प्रदर्शन, कल हड़ताल का ले सकते हैं निर्णय

नाहन: वितीय लाभ न मिलने से नाराज हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक-परिचालकों का रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आज गेट मीटिंग कर उन्होंने सरकार और HRTC प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर नाराजगी जताई।

यूनियन के स्टेट चेयरमैन मिलाप चंद ने बताया कि हमारा जन जागरण अभियान 12वें दिन में प्रवेश कर चुका है। हमने पिछले महीने 20 तारीख को सरकार को नोटिस दिया था, जिसमें अपनी सभी मांगे स्पष्ट रूप से रखी थीं। इनमें चालकों और परिचालकों का यात्रा भत्ता, ओवरटाइम जो कि ₹107 करोड़ रुपये बकाया है, और ₹50,000 की किस्त शामिल है, जो प्रदेश के अन्य सभी कर्मचारियों को मिल चुकी है लेकिन HRTC के कर्मचारियों को अभी तक नहीं मिली।

उन्होंने कहा सरकार ने इस मुद्दे पर 6 मार्च तक का समय मांगा था, लेकिन अभी तक हमारी मांगे पूरी नहीं की गई हैं। यदि सरकार और प्रबंधन कल तक कोई ठोस निर्णय नहीं लेते हैं, तो आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला लिया जा सकता है।

वहीं परिचालक यूनियन के राज्य उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर ने कहा कि सरकार की ओर से चालक-परिचालकों को सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को लंबे समय से दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार यूनियन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से लंबित वितीय लाभों के मुद्दे पर चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने जल्द ही भुगतान की राशि जारी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक चालक-परिचालकों के खातों में कोई धनराशि नहीं पहुंची है, जिससे वे परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

नवीन ठाकुर ने कहा कि 6 मार्च को राजधानी शिमला में यूनियन की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रबंधन कल तक कोई ठोस निर्णय नहीं लेते हैं, तो बैठक में आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया जा सकता है।

HRTC कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने वित्तीय लाभों के भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन सरकार की अनदेखी से वे मजबूर हो रहे हैं। यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो वे हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे, जिससे प्रदेशभर में बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed