सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पर्यावरण विज्ञान विभाग के तीन स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता अर्जित कर विश्वविद्यालय और विभाग का नाम रोशन किया है।
विभाग की दो मेधावी छात्राओं तन्वी शर्मा और डिंपल चौधरी ने हिमाचल प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा (HP SET) 2026 उत्तीर्ण कर अपनी शैक्षणिक व शोध क्षमताओं का लोहा मनवाया है। वहीं, विभाग के एक अन्य छात्र दिव्यांश ने राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM), सोनीपत की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। दिव्यांश को ‘पोस्ट-हार्वेस्ट टेक्नोलॉजी, बायोप्रोसेस एंड एनवायरनमेंटल साइंसेज’ डॉक्टरेट कार्यक्रम में प्रवेश मिला है, जिसके तहत उन्हें ₹37,000 प्रतिमाह की राष्ट्रीय स्तर की शोध फेलोशिप प्रदान की जाएगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.एस. बवेजा ने सफल विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के उच्च शैक्षणिक व अनुसंधान स्तर को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पी.के. बवेजा और वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सी.एल. ठाकुर ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और शोध यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।