नौणी विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कुलपति ने फहराया तिरंगा

Photo of author

By Hills Post

सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर हरमिंदर सिंह बवेजा ने डॉ. एल.एस. नेगी सभागार परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर आयोजित भव्य परेड में विश्वविद्यालय के 97 एनसीसी कैडेट्स, 32 एनएसएस स्वयंसेवकों, 42 स्काउट्स तथा 22 सुरक्षाकर्मियों की टुकड़ी ने भाग लिया। कुलपति ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।

समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को नमन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश आज विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है।

कुलपति ने विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुसार नए कौशल सीखने, नवाचार अपनाने और उद्यमिता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी और वानिकी के क्षेत्र में नए विचारों और उद्यमशील दृष्टिकोण से ही कृषक समुदाय का उत्थान संभव है। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत एकल व समूह गान, नृत्य और स्किट सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एनसीसी अधिकारी, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।