नाहन में HRTC बस और बाइक की भीषण टक्कर: 23 वर्षीय युवक की मौत, साथी घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के नाहन में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ शिमला-पावंटा साहिब रूट पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल के बीच मोहल्ला में शाम लगभग 4:45 बजे आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बाइक चालक 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

हादसे का शिकार हुए मृतक की पहचान विक्रम (23 वर्ष), पुत्र जस्सा सिंह निवासी मोहल्ला गोविंदगढ़ के रूप में हुई है। दरअसल बाइक नीचे से ऊपर की ओर आ रही थी और बस चौगान से नीचे की ओर जा रही थी। आगे चल रही गाड़ी को पास (ओवरटेक) लेते समय युवक की बाइक सीधे सामने से आ रही बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को डॉ. वाई.एस. परमार गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, नाहन पहुँचाया गया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।

घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसे का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत साफ देखी जा सकती है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जाँच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस द्वारा मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, जिसके बाद कागज़ी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।