पांवटा साहिब: आलू का बीज लेने गए व्यक्ति पर रास्ते में हमला, घर पहुंचकर भी दी धमकियां; मामला दर्ज

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाले पुरुवाला थाना क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई व अन्वेषण शुरू कर दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला बीते कल पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज किया गया है। हेमराज पुत्र स्व. श्री सीता राम, निवासी गांव खोडोवाला, डाकघर गोरखुवाला, तहसील पांवटा साहिब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 नवंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल (नंबर HP17F-6137) पर सवार होकर अपने घर से आलू का बीज खरीदने के लिए खोडोवाला स्थित राज कुमार की दुकान पर गया था। हालांकि, वहां उसे आलू का बीज नहीं मिल पाया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह दुकान से वापस अपने घर लौट रहा था, तो रास्ते में मंजीत और हरजीत (पुत्र मोहन लाल, निवासी खोडोवाला) ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसके साथ हाथ-मुक्कों और डंडों के साथ बेरहमी से मारपीट की। मामला यहीं शांत नहीं हुआ। इसके कुछ समय बाद आरोपी मंजीत, हरजीत और उनकी माता महिन्द्रो देवी तीनों हेमराज के घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने वहां आकर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दीं।

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस थाना पुरुवाला में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले में आगामी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।