पांवटा साहिब के बांगरण बाईपास पर सड़क हादसा, दुगाना निवासी युवक की मौत; साथी घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब में बद्रीपुर चौक के समीप बांगरण बाईपास पर देर रात एक भयानक सड़क दुर्घटना घटित हुई। तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से बाइक सवार एक 25 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान दुगाना गांव निवासी ऋतिक पुंडीर के रूप में हुई है।

घटना रात करीब 10 बजे के बाद की बताई जा रही है। ऋतिक पुंडीर अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी बांगरण बाईपास के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऋतिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं उसके साथ बाइक पर मौजूद कमरऊ निवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद पांवटा साहिब पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया है।

डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर ट्राला चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती पड़ताल में हादसे का मुख्य कारण ट्राले की तेज रफ्तार को माना जा रहा है।

मृतक ऋतिक पुंडीर के पिता कफोटा स्थित सरकारी स्कूल में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता हैं। जवान बेटे की अचानक हुई दुखद मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।