नाहन : सिरमौर जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए नाहन एसआईयू की पुलिस टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 6.35 ग्राम अवैध चिट्टा/स्मैक के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल एसआईयू नाहन की पुलिस टीम क्षेत्र में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए मिश्रवाला में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि क्यारदा (माजरा) निवासी सौरव सैणी उर्फ निशू लंबे समय से माजरा, पांवटा साहिब और आसपास के इलाकों में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा करता है। सूचना में यह भी बताया गया कि वह व्यक्ति उस समय भी मादक पदार्थ बेचने की फिराक में पुरूवाला से पीपलीवाला की ओर आ रहा है।

सूचना मिलते ही एसआईयू नाहन की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इलाके में नाकेबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6.35 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और क्षेत्र में किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति करने वाला था। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।