नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र के अंतर्गत अम्बोया के समीप एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट जाने से उसमें सवार नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार (निवासी गांव कुनेर धमोण, डाकघर गोरखुवाला, तहसील पांवटा साहिब) ने पुलिस थाना पुरुवाला में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते कल वह गांव अम्बोया में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। दोपहर करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच जब वह अपने घर धमोण लौटने के लिए अम्बोया के पास पैदल खड़ा होकर लिफ्ट का इंतजार कर रहा था, तभी अम्बोया की तरफ से एक पिकअप (नंबर HP17C-3488) आई, जिसमें कई पुरुष और महिलाएं सवार थे।

प्रमोद कुमार ने जब पिकअप को रुकने का इशारा किया, तो तेज रफ्तार, उतराई और तीव्र मोड़ होने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर कंडक्टर साइड की ओर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद शिकायतकर्ता और मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना में गांव अप्पर धमोण के रहने वाले कुल 09 लोग घायल हुए हैं, जिनके नाम सत्या देवी, साधु राम, अतरो देवी, हेम्मत, धीरज, शयरो देवी, बाला देवी, नीमा देवी व रीना देवी हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा पिकअप के अज्ञात चालक द्वारा तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण होना पाया गया है। पुरुवाला पुलिस ने चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।