पांवटा साहिब में SIU की स्ट्राइक: 5.95 ग्राम चिट्टे के साथ शिलाई क्षेत्र के दो युवक दबोचे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में एक सफलता हासिल की है। गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो युवकों को 5.95 ग्राम स्मैक (चिट्टे) के साथ धर दबोचा। पुलिस ने मौके पर ही नशे की खेप को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मामले में गिरफ्तार पहले आरोपी की पहचान 32 वर्षीय कबीर सिंह पुत्र रमेश चंद के रूप में हुई है, जो गांव व डाकघर दुगाना, तहसील कामरऊ, जिला सिरमौर का निवासी है। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान 33 वर्षीय विपिन शर्मा पुत्र गुमान सिंह के रूप में हुई है, जो गांव पाब, डाकघर शिला, तहसील कामरऊ, जिला सिरमौर का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, SIU की टीम जब पांवटा साहिब थाना क्षेत्र के अंतर्गत नियमित गश्त पर थी, उस दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर इन दोनों युवकों को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 5.95 ग्राम अवैध चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस थाना पांवटा साहिब में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आए थे और इसे क्षेत्र में किसे सप्लाई किया जाना था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।