पांवटा साहिब: यमुना नदी में तैरती मिली 12 वर्षीय बच्ची की लाश, शाम को घर से हुई थी लापता

नाहन : पांवटा साहिब में बीती रात यमुना नदी से एक 12 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन चलाया और यमुना नदी से बच्ची की लाश बरामद की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक बच्ची पांवटा के वार्ड नंबर 9, बंगाला कॉलोनी की रहने वाली थी, जिसकी उम्र करीब 10-12 वर्ष थी।

जानकारी के अनुसार, बच्ची शाम 5 बजे अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजन पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत यमुना नदी में तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर ली है और मामला दर्ज कर हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।